Thursday, March 11, 2010

एयरटेल की टेल उखाड़ दें

Font size: Decrease  font Enlarge  font 133
image

मुंबई। अभी सुप्रीम कोर्ट ने कल ही बड़े सुसंस्कृत शब्दों में राज ठाकरे से कहा था कि आपको शिष्ट भाषा का प्रयोग करना चाहिए. राज ठाकरे ने सुप्रीम कोर्ट का पूरा मान रखते हुए आज हिन्दी विरोधी नारा फिर बुलंद कर दिया और गाज गिराई एक निजी मोबाईल कंपनी एयरटेल पर.

मामला यह कि एयरटेल कंपनी का वाइस रिस्पांस सिस्टम अभी मराठी को सपोर्ट नहीं करता. इसी बात पर नाराज राज ने मनसे उग्रवादियों को निर्देश दिया कि एयरटेल की 'टेल' उखाड़ दें। इसके तुरंत बाद खबर आई कि एमएनएस कार्यकर्ताओं ने ठाणे में इस कंपनी के एक शोरूम पर हमला किया। हालांकि पुलिस ने कहा कि ऐसा कोई हमला नहीं हुआ है।

राज ने इस बात पर नाराजगी जताई कि यह कंपनी इंटरैक्टिव वॉइस रेस्पॉन्स (आईवीआर) तकनीकी कारणों का हवाला देकर मराठी में शुरू नहीं कर रही है। मटुंगा के यशवंत नाट्यगृह में अपनी पार्टी के चौथे स्थापना दिवस समारोह में उन्होंने कहा कि अब आप (एमएनएस कार्यकर्ता) एयरटेल की 'टेल' उखाड़ दें। इस बीच सूत्रों ने कहा कि इस कंपनी ने राज को चिट्ठी भेजकर कहा है कि वह मराठी में आईवीआर शुरू करेगी।

राज ने कहा कि मैं हिंदी के खिलाफ नहीं हूं, लेकिन हमारे ऊपर हिंदी थोपिए मत। सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को उनसे कहा था कि उत्तर भारतीयों को निशाना बनाकर भड़काऊ भाषण नहीं दें। राज ने एमएनएस कार्यकर्ताओं से यह सुनिश्चित करवाने को कहा कि रेलवे स्टेशनों और एयरपोर्ट्स पर अनाउंसमेंट मराठी में हों।

राज ने कहा कि एमएनएस महिला आरक्षण बिल का पूरा समर्थन करती है। उन्होंने बिल के विरोधी लालू प्रसाद और मुलायम सिंह यादव का मजाक उड़ाते हुए कहा कि इस विरोध से पता चलता है कि उनकी संस्कृति कैसी है।

No comments:

Post a Comment